जमशेदपुर : आगामी 9 मई को हिंदुआ सूरज वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की 487वीं जन्म जयंती के अवसर पर झारखंड क्षत्रिय संघ द्वारा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
शंखनाद से होगा जन्म जयंती का स्वागत
कार्यक्रम संयोजक और केंद्रीय सचिव अमित सिंह ने बताया कि 9 मई की सुबह मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर उत्सव का माहौल रहेगा। जयंती समारोह की शुरुआत पाँच विद्वान पुरोहितों द्वारा शंखनाद के साथ की जाएगी। इसके पश्चात झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ और महिला संघ की कुल 27 इकाइयों के सदस्य हाथों में भगवा ध्वज लेकर जयघोष के साथ बारी-बारी से प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
राष्ट्र रक्षा’ पर होगी विशेष संगोष्ठी
जयंती के अवसर पर केवल उत्सव ही नहीं, बल्कि बौद्धिक चर्चा का भी आयोजन किया गया है। सुबह 10 बजे से महाराणा प्रताप चौक पर एक संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें शहर के प्रमुख शिक्षाविद और इतिहासकार महाराणा प्रताप की जीवनी पर प्रकाश डालेंगे।इसका मुख्य उद्देश्य वर्तमान पीढ़ी को धर्म और राष्ट्र रक्षा के प्रति प्रेरित करना है।
सेवा स्टाल और सामाजिक कार्य
युवा संघ द्वारा इस विशेष दिन पर समाज सेवा के कई संकल्प लिए गए हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों (शरबत/ठंडा पानी) के शिविर लगाए जाएंगे। जयंती के उपलक्ष्य में समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक सामग्रियों का वितरण भी किया जाएगा।
सर्वसमाज को आमंत्रण
युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह ने बताया कि महाराणा प्रताप किसी एक जाति के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। कार्यक्रम में शहर के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रत्येक जाति समूह के प्रमुखों सहित आम जनता को आमंत्रित किया गया है।
प्रेस वार्ता में प्रमुख उपस्थिति
इस मौके पर अमित सिंह (केंद्रीय सचिव), कुमार प्रभाकर सिंह (महामंत्री, युवा संघ), राजीव सिंह ‘बबलू’ (वरीय उपाध्यक्ष), जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह और अभिषेक सिंह मौजूद रहे।
