जमशेदपुर:महिलाओं को राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को बिस्टुपुर में एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई और इसे महिला सशक्तिकरण के इतिहास में एक मील का पत्थर बताया गया।
दिग्गज नेताओं की उपस्थिति
सम्मेलन में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया जिसमें विद्युत वरण महतो (सांसद, जमशेदपुर),गीता कोड़ा (पूर्व सांसद),पूर्णिमा साहू (विधायक, जमशेदपुर पूर्वी) और मीरा मुंडा (भाजपा की वरिष्ठ नेत्री) मौजूद रहे ।
33 प्रतिशत आरक्षण और राजनैतिक मजबूती
वक्ताओं ने अपने संबोधन में अधिनियम के तकनीकी और सामाजिक पहलुओं को विस्तार से समझाया। इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि अब महिलाएं केवल वोटर नहीं, बल्कि नीति-निर्माता के रूप में देश का भविष्य तय करेंगी।सम्मेलन में यह भी बताया गया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक संसद में एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा।
महिलाओं में दिखा भारी उत्साह
सम्मेलन में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने कानून से जुड़ी बारीकियों को समझा और अपनी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का समापन महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज के हर क्षेत्र में उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारने के संकल्प के साथ हुआ।
