जमशेदपुर। भुइंयाडीह छायानगर स्थित श्री राधा गोविंद मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर चार दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। श्री राधा गोविंद मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।कमेटी के सचिव राम शर्मा ने बताया कि कमेटी की ओर से पिछले करीब 20 वर्षों से कृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर विशेष रूप से चार दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
4 सितंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
समारोह की शुरुआत 4 सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा स्वर्णरेखा नदी तक जाएगी, जहां से श्रद्धालु जल लेकर मंदिर पहुंचेंगे। मंदिर में कलश स्थापित करने के बाद प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
5 सितंबर को अखंड हरिकीर्तन और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
5 सितंबर को मंदिर परिसर में अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए बाल प्रतियोगिता और फैंसी ड्रेस कार्यक्रम भी आयोजित होगा। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को 6 सितंबर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन श्रद्धालुओं के लिए भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
7 सितंबर को महाभोग, हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद
चार दिवसीय समारोह के अंतिम दिन 7 सितंबर को महाभोग का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, महाभोग में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
जोर-शोर से चल रही समारोह की तैयारी
मंदिर कमेटी के सचिव राम शर्मा ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर और आसपास तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
