जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बी ब्लॉक कुम्हारपाड़ा निवासी रूपा देवी (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घर में ही लगाई फांसी
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात रूपा देवी ने अपने घर में ही फांसी लगा ली। जब परिजनों की नजर पड़ी तो उन्हें तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सुसाइड नोट भी मिला
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें महिला ने लिखा है कि “मैं किसी को सुख नहीं दे सकी, इसलिए यह कदम उठा रही हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।”प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी।
संतान न होने से थी परेशान
परिजनों के अनुसार रूपा देवी की शादी वर्ष 2003 में अजय वर्मा से हुई थी। शादी के कई वर्षों बाद भी संतान नहीं होने के कारण वह काफी परेशान रहती थीं।
शादी की खुशी के बीच हुई घटना
बताया जा रहा है कि दो दिन बाद ही महिला के चचेरे भाई की शादी होने वाली थी, जिससे घर में पहले खुशी का माहौल था। लेकिन इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
