जमशेदपुर: टीसीसी सोनारी में वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग, भूमिज समाज ने किया धरना-प्रदर्शन

Views: 3

जमशेदपुर: वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की प्रतिमा टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल कल्चरल सेंटर (टीसीसी), सोनारी परिसर में स्थापित करने की मांग को लेकर मंगलवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। सरदार मुंडा/नाया/डाकुआ हाता स्वशासन व्यवस्था, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में भूमिज समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि लंबे समय से टाटा स्टील प्रबंधन और संबंधित जनप्रतिनिधियों से पहल करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे समाज में नाराजगी है।

1832-33 के भूमिज विद्रोह के नायक थे गंगा नारायण सिंह

संगठन के अनुसार, वीर शहीद गंगा नारायण सिंह ने 1832-33 के ऐतिहासिक भूमिज विद्रोह का नेतृत्व करते हुए अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था। उन्होंने आदिवासी समाज के स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।संगठन का मानना है कि टीसीसी परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से भूमिज समाज की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को सम्मान मिलेगा। साथ ही नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी।

विधायक और टाटा स्टील के अधिकारियों को दिया गया था आवेदन

संगठन ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में पोटका विधायक और टाटा स्टील के संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर प्रतिमा स्थापना की मांग की गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।

प्रतिमा स्थापना के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने की मांग

धरना-प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने टाटा स्टील फाउंडेशन से प्रतिमा स्थापना पर सहमति देने और इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। इसमें प्रतिमा स्थापना के लिए स्थल चयन, बजट और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की बात कही गई।इसके अलावा टीसीसी परिसर में गंगा नारायण सिंह के जीवन, संघर्ष और भूमिज विद्रोह से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियां प्रदर्शित करने की भी मांग उठाई गई।

विभिन्न क्षेत्रों से भूमिज समाज के लोगों की भागीदारी

आयोजकों के अनुसार, आंदोलन में पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों से भूमिज समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी रही। आयोजकों ने प्रदर्शन में कम से कम 500 लोगों के शामिल होने की संभावना जताई थी।संगठन ने स्पष्ट किया कि धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया, ताकि प्रतिमा स्थापना की मांग टाटा स्टील प्रबंधन तक पहुंचाई जा सके।

More From Author

जमशेदपुर में छात्रों से ठगी और जबरन वसूली का आरोप, पहले से टूटे मोबाइल को गिराकर मांगते हैं रुपये

टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास कार्य में तेजी, बर्मामाइंस गेट की ओर निर्माण शुरू