जमशेदपुर:सिदगोड़ा में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, गंगा आरती की तर्ज पर बनेगा भव्य पंडाल

जमशेदपुर: सनातन धर्म में सावन माह के 28 अगस्त को समापन के साथ ही रक्षाबंधन और आगामी 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले श्री श्री दुर्गा पूजा नवरात्रोत्सव को लेकर जमशेदपुर शहर में सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में ‘न्यू सिदगोड़ा दुर्गा एवं काली पूजा समिति’ द्वारा सोमवार को सिदगोड़ा सिनेमा मैदान में पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही भव्य पूजा पंडाल निर्माण का कार्य भी आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ध्वज स्तंभ स्थापित

सोमवार को आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान आचार्य-पंडितों द्वारा पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच भूमि का पूजन किया गया और ध्वज स्तंभ स्थापित किया गया।इस गरिमामय अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के अलावा पूजा समिति के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

‘काशी के गंगा घाट’ और भव्य ‘गंगा आरती’ का रूप लेगा पंडाल

भूमि पूजन के बाद समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने इस वर्ष के पूजा पंडाल के मुख्य थीम और आकर्षण की जानकारी साझा की। इस वर्ष सिदगोड़ा सिनेमा मैदान में बनारस (काशी) के प्रसिद्ध गंगा घाट और वहां होने वाली विश्वप्रसिद्ध ‘गंगा आरती’ के प्रतिरूप (मॉडल) पर काल्पनिक और भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।
पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के प्रसिद्ध कारीगर अरुण दास और उनकी 41 सदस्यीय दक्ष कारीगरों की टीम को सौंपी गई है। लगभग 41 कारीगर दिन-रात एक कर अगले डेढ़ महीने के भीतर इस विशाल और कलात्मक पंडाल का निर्माण कार्य पूरा करेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा सिदगोड़ा का पंडाल

जमशेदपुर की दुर्गा पूजा पूरे झारखंड में अपनी भव्यता, विद्युत सज्जा और कलात्मक पंडालों के लिए जानी जाती है। न्यू सिदगोड़ा दुर्गा एवं काली पूजा समिति द्वारा हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए कुछ नया और अनूठा प्रस्तुत किया जाता है। इस बार बनारस के गंगा घाट की थीम पर बनने वाले इस पंडाल से लौहनगरी के श्रद्धालुओं को जमशेदपुर में ही काशी के धार्मिक माहौल का अहसास होगा।

More From Author

जमशेदपुर में सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की जलाभिषेक यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया भोलेनाथ का जलाभिषेक