जमशेदपुर: बहुभाषीय साहित्यिक संस्था ‘सहयोग’ की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संस्था की आगामी गतिविधियों, वार्षिक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा वित्तीय आय-व्यय की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्था द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों से संबंधित फाइलों में कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण, व्यय से जुड़ी रसीदें एवं कार्यक्रम की तस्वीरें व्यवस्थित रूप से संकलित और सुरक्षित रखी जाएंगी। साथ ही यह भी तय किया गया कि संस्था का बजट सत्र प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह से प्रारंभ होगा तथा आम सभा के बाद सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाएगा।
वर्षभर के साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
बैठक में वर्षभर आयोजित होने वाले साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का कैलेंडर भी तैयार किया गया। तय कार्यक्रमों के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह में कबीर जयंती पर कबीर के दर्शन एवं विचारों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होगा।जुलाई में प्रेमचंद जयंती मनाई जाएगी।अगस्त के अंतिम सप्ताह में सावन मिलन (बारहमासा आधारित) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।सितंबर में दिनकर जयंती का आयोजन होगा।अक्टूबर में विजया मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।नवंबर में पुस्तक मेला का आयोजन किया जाएगा।जनवरी में वनभोज कार्यक्रम आयोजित होगा।वसंत पंचमी के अवसर पर निराला जयंती मनाई जाएगी।मार्च में होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
साहित्य और संस्कृति को नई ऊर्जा देने का संकल्प
संस्था के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इन आयोजनों के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा मिलेगी। साथ ही साहित्य प्रेमियों, लेखकों और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
बैठक में ये सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में संस्था की अध्यक्ष डॉ. संध्या सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जूही समर्पिता, सचिव डॉ. भारती कुमारी, सह सचिव डॉ. मनीला, न्यायिक सलाहकार ममता सिंह एवं जयपाल सिंह, कोषाध्यक्ष पुष्पांजलि मिश्रा सहित माधुरी मिश्रा, ज्योत्सना अस्थाना, सुधा गोयल, लक्ष्मी सिंह ‘रूबी’, रीना सिन्हा और डॉ. सबिता पॉल की सक्रिय उपस्थिति रही।
