जमशेदपुर: शहर में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में उलीडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 29 मार्च को हुए एक जानलेवा हमले के मामले में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमन प्रताप (मानगो/उलीडीह क्षेत्र), शुभम सिंह,वरुण पाल,अनिस सिंह और राहुल शर्मा शामिल हैं।ये सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और एमजीएम थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। शनिवार शाम उलीडीह पुलिस ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले का खुलासा किया।
क्या थी घटना?
यह मामला उलीडीह थाना क्षेत्र के ओल्ड सिटी स्थित साईं मंदिर के पास का है। 29 मार्च को आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने शीतिज सिंह नामक युवक पर चापड़ (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में युवक के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई थीं। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शहर में बढ़ता ‘चापड़’ कल्चर
जमशेदपुर में हाल के दिनों में अपराध के तरीकों में बदलाव देखा गया है, जहाँ मारपीट के दौरान धारदार चापड़ का इस्तेमाल बढ़ा है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि युवाओं के बीच विशेषकर ‘चाइनीज चापड़’ का चलन बढ़ा है। हाल ही में संपन्न हुए रामनवमी उत्सव के दौरान भी पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी मात्रा में चापड़ जब्त किए थे।
पुलिस की चेतावनी
उलीडीह पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
