जमशेदपुर: जुगसलाई में हत्या की साजिश नाकाम; घाघीडीह जेल से भाकुड ने रची थी रंगदारी व मर्डर की पटकथा, 2 शूटर पिस्टल व भुजली संग गिरफ्तार

जमशेदपुर :लौहनगरी के जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल के लिए छुपाकर रखे गए दो भारी धारदार हथियार (भुजली) और एक अवैध देशी कट्टा (पिस्तौल) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ ‘भाकुड’ ने रची थी मो. निजाम की हत्या की साजिश

मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने संवाददाताओं को बताया पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद कुख्यात अपराधी मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड अपने गिरोह के शूटरों के जरिए उसकी हत्या कराने की साजिश रच रहा है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश और डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

रेकी कर हमले पहुंचे थे शूटर, निजाम ने भागकर बचाई जान

पुलिसिया जांच और तफ्तीश में सामने आया कि जेल में बंद भाकुड के इशारे पर उसके दो प्रमुख गुर्गों ने वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी कर ली थी।भाकुड के निर्देश पर मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा ने पहले मो. निजाम की कई दिनों तक रेकी की।दोनों आरोपी धारदार हथियारों से लैस होकर मो. निजाम पर हमला करने पहुंचे थे, लेकिन निजाम की सतर्कता से वह किसी तरह मौके से अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।घटना को लेकर जुगसलाई थाने में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया।

आजाद खटाल की झाड़ियों से हथियार बरामद; आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज

सूचना के बाद हरकत में आई जुगसलाई पुलिस ने दोनों आरोपियों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 2 भारी धारदार हथियार और 1 अवैध देशी कट्टा बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. आयन अली (निवासी: हुसैनी लाइन, गौरीशंकर रोड) और मो. इमरान (निवासी: दस्ताना बाड़ी) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अयान बच्चा का पूर्व से भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। अवैध हथियार मिलने के बाद जुगसलाई थाने में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब जेल में बंद भाकुड और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कस रही है।

More From Author

जेएसएससी-सीजीएल मामले पर बाबूलाल मरांडी ने सरकार के हलफनामे पर उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग