जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित परिसदन भवन (सर्किट हाउस) में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का आगमन हुआ। इस अवसर पर जमशेदपुर के वरिष्ठ सिख भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय एवं जोरदार नागरिक स्वागत किया।
सतबीर सिंह सुमो ने रखी सिख समाज और अल्पसंख्यकों की मांगें
स्वागत समारोह के उपरांत आयोजित सांगठनिक बैठक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सतबीर सिंह सुमो ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष सिख समाज एवं अल्पसंख्यकों से जुड़े प्रमुख विषयों को रखा। सुमो ने भाजपा संगठन में सिख समाज की सम्मानजनक एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने की बात मजबूती से उठाई।उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार और संगठन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाना आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का सकारात्मक आश्वासन; दिया रांची आने का न्योता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सभी मांगों और सुझावों को बेहद गंभीरता व सकारात्मकता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए हर समाज के साथ निरंतर संवाद और सीधी सहभागिता अत्यंत जरूरी है। आदित्य साहू ने उपस्थित प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित करते हुए कहा कि वे जल्द रांची आकर भी सांगठनिक विस्तार और समाज के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करें।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूती और अल्पसंख्यक मोर्चा की सक्रियता पर मंथन
बैठक के दौरान आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक पार्टी का आधार मजबूत करने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा अल्पसंख्यक समाज को भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से जोड़ने को लेकर सार्थक रणनीति तैयार की गई।इस अवसर पर मुख्य रूप से अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री चंचल भाटिया, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नवजोत सिंह सोहल, करमजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह संधू, हैप्पी सिंह तथा कुलवंत सिंह काते सहित कई अन्य नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
