Views: 4
जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर में कला, मनोरंजन और समाजसेवा का एक अद्भुत संगम देखने को मिलने जा रहा है। आदिवासी एवं जनजातीय बच्चों की शिक्षा में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी , जमशेदपुर चैप्टर द्वारा मेगा थिएटर हास्य नाटक ‘डैड्स गर्लफ्रेंड्स’ का भव्य मंचन आगामी शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम शाम 5:00 बजे से बिष्टुपुर स्थित नरभेराम स्कूल के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें टीवी के मशहूर हास्य कलाकार व कवि शैलेश लोढ़ा एवं उनकी टीम द्वारा लगभग दो घंटे का थिएटर नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इस प्रसिद्ध नाटक के लेखक एवं निर्देशक अतुल सत्य कौशिक हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी: सभी पास हो चुके हैं जारी
गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एफटीएस के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया कि नाटक में दर्शकों का प्रवेश विशेष पास के माध्यम से होगा। संस्था ने बताया कि कार्यक्रम के लिए जारी किए गए सभी पास बुक हो चुके हैं, जो इस सामाजिक उद्देश्य के प्रति जमशेदपुर वासियों के अपार जनसमर्थन और उत्साह को दर्शाता है।
मनोरंजन के साथ समाजसेवा: एकल विद्यालयों के संचालन में मिलेगा सहयोग
प्रेस वार्ता के दौरान एफटीएस के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण व आदिवासी इलाकों में चल रहे ‘एकल विद्यालयों’ को वित्तीय और सामाजिक सहयोग प्रदान करना है।”डैड्स गर्लफ्रेंड्स नाटक के आयोजन के माध्यम से हम मनोरंजन को सीधे समाजसेवा से जोड़ रहे हैं। वंचित बच्चों तक शिक्षा पहुंचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस पहल से न केवल दर्शकों को गुणवत्तापूर्ण हास्य नाटक देखने को मिलेगा, बल्कि वे सीधे तौर पर आदिवासी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनेंगे।”
देशभर में 87,000 और जमशेदपुर चैप्टर के तहत चल रहे 170 एकल विद्यालय
फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी एक अग्रणी सामाजिक संस्था है, जो देश के सुदूर और वंचित क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा पहुंचा रही है।इस कार्यक्रम के तहत दूर-दराज के गांवों में एक शिक्षक के माध्यम से बच्चों को बुनियादी शिक्षा प्रदान की जाती है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता की शिक्षा दी जाती है। देश भर में वर्तमान में लगभग 87,000 एकल विद्यालय संचालित हैं, जबकि एफटीएस के जमशेदपुर चैप्टर द्वारा अकेले 170 एकल विद्यालयों का सफल संचालन किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित रहे प्रमुख पदाधिकारी
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम संयोजक विजय मित्तल एवं जितेंद्र अग्रवाल के साथ-साथ एफटीएस के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे जिसमें अध्यक्ष:राजेश मित्तल , कार्यकारी अध्यक्ष:सुनील बागड़िया,सचिव: संजय गोयल,कोषाध्यक्ष: मनीष मूनका,उपाध्यक्ष: अभिषेक गर्ग ,संयुक्त सचिव: चाँद कांवटिया,युवा समिति अध्यक्ष: सौरव सोंथालिया ,महिला समिति सचिव:प्रियंका अग्रवाल,आँचल प्रभारी: नीलम केडिया , मेडिकल कैंप प्रभारी: कमल गुप्ता मौजूद रहे।
