जमशेदपुर: गोलमुरी में युवक की संदिग्ध मौत; मरने से पहले रात 2:30 बजे बहन को भेजा था ‘सुसाइड मैसेज’, जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर।जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के सरस्वती नगर (गाड़ाबासा) स्थित मदन चक्की के सामने रहने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में की गई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।

रात 2:30 बजे बहन को भेजा आखिरी मैसेज

मृतक के भाई रॉबर्ट बाकची ने घटना को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि मौत से ठीक पहले सोनू ने देर रात करीब 2:30 बजे अपनी बहन को मोबाइल पर एक मैसेज भेजा था। मैसेज में सोनू ने लिखा था, “मैं अपनी परिस्थितियों से बहुत ज्यादा परेशान हो गया हूं, इसीलिए मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं।”भाई रॉबर्ट ने यह भी बताया कि परिवार में उनके बीच बहुत ज्यादा बातचीत नहीं होती थी, कभी-कभी फोन या मैसेज के जरिए ही संपर्क होता था।

शादी की तैयारियों और आर्थिक तंगी से था परेशान

फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू यहाँ स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराए पर अकेले रहता था। स्थानीय लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक सोनू का विवाह परसुडीह थाना क्षेत्र के करणडेही की एक युवती से होने वाला था। इससे पूर्व भी वह एक वैवाहिक संबंध में रह चुका था, जो बाद में टूट गया था। सोनू पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। शादी के खर्चों और अन्य जरूरतों को लेकर वह गहरे तनाव में था। उसने अपने कुछ परिचितों से आर्थिक व्यवस्था के लिए अपनी मारुति डिजायर कार तक बेचने की बात कही थी, जिसे उसने हाल ही में करीब दो लाख रुपये में बेच भी दिया था।

गम्हरिया के यार्ड में करता था काम

करियर की बात करें तो फ्रांसिस बाकची पूर्व में एयरबेस लॉजिस्टिक्स में अपनी सेवाएं दे चुका था। वर्तमान में वह सरायकेला जिले के गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में कार्यरत था। मृतक अपने पीछे एक भाई और एक बहन से भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय पड़ोसियों ने सोनू के तनाव और उसकी जीवनशैली से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को सौंपी हैं।मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन तफ्तीश के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

More From Author

जमशेदपुर: उलीडीह पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’; 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जमशेदपुर: गोविंदपुर समेत इन दर्जन भर इलाकों में मंगलवार को 5 घंटे गुल रहेगी बिजली; मानसून से पहले मेंटेनेंस का काम शुरू, देखें समय

Recent News