Views: 1
जमशेदपुर:जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती से विद्यार्थियों को लेकर विद्या भारती इंग्लिश स्कूल, हाता जा रहा छात्रों से भरा एक ऑटो मुबारक बस्ती के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चार स्कूली छात्र घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाए जाने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना की मुख्य वजह वाहनों में बढ़ती लापरवाही और ओवरलोडिंग सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टेंपो में उसकी क्षमता से काफी अधिक छात्रों को बैठाया गया था। ओवरलोडिंग और अत्यधिक वजन के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे मुबारक बस्ती के पास टेंपो सड़क पर ही पलट गया।
ग्रामीणों की सूझबूझ से सुरक्षित निकाले गए बच्चे
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पलटे हुए टेंपो के भीतर फंसे घायल छात्रों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि सभी घायल बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर स्कूली वाहनों की मनमानी, फिटनेस और ओवरलोडिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है।
