Views: 1
जमशेदपुर:देश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर विचारों, सृजनशीलता और सांस्कृतिक विविधता के भव्य संगम का साक्षी बनने जा रहा है। विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक होटल रमाडा, बिष्टुपुर में ‘जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाकुंभ में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्य, संगीत, नृत्य, सिनेमा, पत्रकारिता, प्रशासन, पर्यटन और विरासत से जुड़े 80 से अधिक अतिथि एवं वक्ता शिरकत करेंगे।
केंद्रीय विषय:‘विरासत एवं पर्यटन’
इस वर्ष महोत्सव का मुख्य केंद्रीय विषय ‘विरासत एवं पर्यटन’ निर्धारित किया गया है।इस आयोजन का उद्देश्य केवल साहित्यिक संवाद तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि झारखंड की ऐतिहासिक धरोहरों, जनजातीय जीवनशैली, लोककलाओं, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन संभावनाओं को देश के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के माध्यम से राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाना है। फेस्टिवल के क्यूरेटर संदीप मुरारका ने बताया कि हमारा मूल संकल्प यह है कि देश भर से आने वाले अतिथि झारखंड की संस्कृति, लोकजीवन और परंपराओं का अनुभव लेकर लौटें और राष्ट्रीय मंचों पर झारखंड की अनूठी पहचान साझा करें।
पद्म सम्मानित विभूतियों और राष्ट्रीय हस्तियों का संगम
महोत्सव में देश की कई दिग्गज और पद्म सम्मानित हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी जिसमें मुख्य रूप से पद्म विभूषण डॉ. सोनल मानसिंह (विश्वविख्यात भरतनाट्यम एवं ओडिसी नृत्यांगना),पद्मश्री तिलक गीताई (प्रख्यात लघुचित्रकार, राजस्थान),पद्मश्री अनूप रंजन पांडेय (बस्तर बैंड के संस्थापक एवं जनजातीय संगीतकार),पद्मश्री फूलबासन बाई यादव (महिला सशक्तीकरण की प्रेरक, छत्तीसगढ़),पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख और पद्मश्री मुकुंद नायक (झारखंड की लोक सांस्कृतिक पहचान) शिरकत करेंगे।
सिनेमा, साहित्य और पत्रकारिता जगत के नामचीन चेहरे
इस महोत्सव में लोकप्रिय वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ फेम अभिनेता अशोक पाठक (विनोद), अभिनेता बुल्लू कुमार, फिल्म निर्देशक तरुण डुडेजा और कास्टिंग डायरेक्टर अनमोल आहूजा, कवि एवं संगीत अध्येता डॉ. यतीन्द्र मिश्र, उपन्यासकार अक्षत गुप्ता (‘द हिडन हिंदू’ त्रयी के लेखक), चित्रकार मनीष पुष्कले, प्रकाशक अजिताभ बोस और लेखक नीरज जायसवाल।पत्रकारिता जगत से दैनिक जागरण के संपादक-फीचर अनंत विजय, इंडिया टुडे के डिप्टी एडिटर डॉ. अंजुम शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार संजय कृष्ण, मीडिया समीक्षक डॉ. विनीत कुमार, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्र और अमर उजाला के रेजिडेंट एडिटर उत्तम नाथ पाठक मौजूद रहेंगे।
सांस्कृतिक संध्या और पुरस्कार वितरण
18 दिसंबर को उद्घाटन अवसर पर गायिका चिन्मयी त्रिपाठी व संगीतकार जोएल मुखर्जी तथा नृत्यांगना आरोही मुंशी की प्रस्तुतियां होंगी। 19 दिसंबर को लोकप्रिय स्पोकन-वर्ड कलाकार अभि मुंडे (साइको शायर) अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के दौरान दस प्रतिष्ठित सम्मानों के तहत चयनित विभूतियों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इसके मूल्यांकन के लिए स्थानीय व प्रतिष्ठित पत्रकारों का एक निष्पक्ष निर्णायक मंडल गठित किया गया है।
