जमशेदपुर। कहा जाता है कि एक चना भाड़ नहीं फोड़ता, यानी टीमवर्क के बिना पुलिस विभाग में बड़ी सफलता हासिल करना आसान नहीं है। इस कहावत को जमशेदपुर के जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रबानी और उनकी टीम ने सच साबित कर दिखाया है।थाना प्रभारी का पद संभालने के बाद कम समय में ही गुलाम रबानी की टीम ने जुगसलाई क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस की सख्ती का एहसास कराया है। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जिनमें बड़ी संख्या में कुख्यात मनीष सिंह गिरोह से जुड़े अपराधी बताए जा रहे हैं।


10 हथियार जब्त, नशे के खिलाफ भी अभियान जारी
अपराध नियंत्रण अभियान के दौरान जुगसलाई पुलिस ने अब तक 10 हथियार जब्त किए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। जुगसलाई क्षेत्र में अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय है।
तीन पुलिसकर्मियों की मेहनत को मिला सम्मान
जुगसलाई थाना की इन सफल कार्रवाइयों में एसआई विवेक कुमार पंडित, एसआई धनजय कुमार और टैंगो-42 के जवान सलमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपराध और अपराधियों के खिलाफ उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने तीनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एक ही थाना के तीन पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
बताया जा रहा है कि यह पहला मौका है, जब एक ही थाना के तीन पुलिसकर्मियों को एक साथ उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने से जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रबानी भी काफी गौरवान्वित नजर आए।उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। थाना प्रभारी ने टीम के बेहतर तालमेल और मेहनत को पुलिस की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।
टीमवर्क से अपराध के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई
जुगसलाई पुलिस की हालिया कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि अपराध नियंत्रण में सिर्फ एक अधिकारी नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत महत्वपूर्ण होती है। थाना प्रभारी से लेकर एएसआई और जवानों तक के समन्वित प्रयास से अपराधियों पर कार्रवाई तेज हुई है।पुलिस की ओर से अपराध, अवैध हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।
