जमशेदपुर। शनिवार को पूरा जमशेदपुर शहर 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा रहा। जिला प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों और चौक-चौराहों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में राजनीतिक नेताओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।इसी क्रम में टिनप्लेट चौक स्थित संजय सद्भावना मार्केट में स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य तरीके से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।


दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने लिया हिस्सा

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्केट समिति के अध्यक्ष अप्पा राव के अलावा बड़ी संख्या में दुकानदार, स्थानीय गणमान्य लोग, बच्चे और महिलाएं मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।ध्वजारोहण के बाद विधायक पूर्णिमा दास साहू और अध्यक्ष अप्पा राव ने संयुक्त रूप से पिंजरे में बंद 10 पक्षियों को आजाद किया। इसके साथ ही सफेद कबूतरों को खुले आसमान में उड़ाकर देश में शांति, सद्भावना और भाईचारा कायम रहने का संदेश दिया गया।
बच्चों के बीच बांटी चॉकलेट
कार्यक्रम के दौरान विधायक पूर्णिमा दास साहू ने बच्चों के बीच चॉकलेट बांटी और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।विधायक ने कहा कि आजादी हमें विरासत में मिली है और अब हमारी जिम्मेदारी है कि इसका सदुपयोग कैसे करें, ताकि देश विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहे।
30 वर्षों से मनाया जा रहा राष्ट्रीय पर्व
संजय सद्भावना मार्केट के अध्यक्ष अप्पा राव ने कहा कि दुकानदारों के सहयोग से उनके नेतृत्व में पिछले 30 वर्षों से लगातार स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिंजरे में बंद 10 पक्षियों को मुक्त कर आजाद भारत का संदेश दिया गया। पक्षियों को आजाद करने के कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता और खुले आसमान का प्रतीकात्मक संदेश दिया गया।
अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनी सुरभि का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की बेटी सुरभि कुमारी को भी सम्मानित किया गया। सुरभि को अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में राज्य स्तर पर कप्तान मनोनीत किए जाने पर संजय सद्भावना मार्केट समिति की ओर से विधायक पूर्णिमा दास साहू के माध्यम से सम्मानित किया गया।समिति के सदस्यों ने सुरभि कुमारी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना की।
