विश्व रक्तदाता दिवस पर 106 वाहिनी द्रुत कार्य बल ने लगाया रक्तदान शिविर, 31 जवानों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

जमशेदपुर: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 106 वाहिनी द्रुत कार्य बल द्वारा सदर अस्पताल के सहयोग से रविवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा एवं सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।रक्तदान शिविर में कुल 31 अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने और रक्त की आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय कार्य : कमांडेंट राजीव कुमार

इस अवसर पर 106 वाहिनी के कमांडेंट राजीव कुमार ने सभी रक्तदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।उन्होंने सभी कार्मिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कमांडेंट ने कहा कि मानवता की सेवा के लिए ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।

अधिकारियों की रही सक्रिय भागीदारी

रक्तदान शिविर के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी कौशल साधन गिरि, उप कमांडेंट वच्चानदेव कुमार तथा वाहिनी के चिकित्सा अधिकारी (उप कमांडेंट) डॉ. ऋतुराज खाख सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।सभी अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।

जरूरतमंदों के लिए बनेगा जीवनदायी सहयोग

सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। शिविर में एकत्रित रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय कार्य से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

More From Author

जमशेदपुर: मानगो में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी, छत काटकर अंदर घुसे चोर

साकची गोलचक्कर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, एनएचआरए ने ट्रैफिक नियमों के पालन का दिया संदेश