गरुड़बासा के दलखाम टोला में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आई तेज हवा और बारिश के कारण करीब 18 से 20 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।ग्रामीणों के अनुसार कई घरों की एस्बेस्टस की छतें उड़ गईं, जबकि घरों में रखा सामान भी बर्बाद हो गया।
दूर जाकर गिरीं घरों की छतें
स्थानीय लोगों ने बताया कि तूफान इतना तेज था कि कई घरों की छतें उड़कर दूर जा गिरीं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हालांकि राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
मुखिया लीला मुंडा ने पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही हूरलूग पंचायत की मुखिया लीला मुंडा मौके पर पहुंचीं और प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना।उन्होंने तत्काल राहत देते हुए पीड़ित परिवारों को तिरपाल उपलब्ध कराया, ताकि लोग अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था कर सकें।
ग्रामीणों ने मांगी सरकारी सहायता
प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत कर लोग सामान्य जीवन में लौट सकें।
