Views: 1
जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र के सी टू तालाब के पास सड़क को दीवार बनाकर घेरने के प्रयास का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। जुस्को की ओर से सड़क घेरने की कार्रवाई शुरू किए जाने पर लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क बिरसानगर से टेल्को आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। इसे बंद किए जाने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विधायक प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर की पहल
विरोध की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक पूर्णिमा दास साहू के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव और नेता रवि सिंह चंदेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जुस्को के प्रतिनिधियों से बातचीत कर स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क बंद होने से आम लोगों को परेशानी हो सकती है।
विरोध के बाद रोका गया सड़क घेरने का काम
स्थानीय लोगों के विरोध और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद जुस्को की टीम मौके से लौट गई। इसके साथ ही सड़क घेरने का काम रोक दिया गया। इससे स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की।
आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने की मांग
विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव ने कहा कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क बंद करने के प्रयास को रुकवाया गया है। उन्होंने कहा कि यह रास्ता स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और इसे बंद करने से आवागमन प्रभावित हो सकता है। लोगों की सहूलियत को देखते हुए सड़क घेरने की कार्रवाई रोकना जरूरी था।
