बंगाल चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; 4 भट्टियां ध्वस्त, 800 किलो महुआ नष्ट

जमशेदपुर:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

प्रशासन की टीम ने सूचना के आधार पर जमशेदपुर के दो थाना क्षेत्रों के तीन गांवों में दबिश दी जिसमें कमलपुर थाना का गोलकाटा गांव,बोड़ाम थाना का डूंगरीडीह और दामोदरपुर गांव।इन स्थानों पर संचालित 4 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।

भारी मात्रा में कच्चा माल नष्ट

छापेमारी के दौरान मौके पर अवैध शराब बनाने की बड़ी तैयारी चल रही थी, जिसे टीम ने विफल कर दिया। लगभग 800 किलोग्राम किन्वित जावा महुआ (कच्चा माल) को मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया।भट्टियों से तैयार की गई करीब 35 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई है। पुलिस के आने की भनक लगते ही भट्ठी संचालक और मजदूर घने जंगलों का सहारा लेकर भागने में सफल रहे।

बंगाल चुनाव पर प्रशासन की पैनी नजर

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान अक्सर सीमावर्ती रास्तों से अवैध शराब की खेप बंगाल भेजने की कोशिश की जाती है। इसी पर लगाम लगाने के लिए चेकपोस्टों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। अज्ञात भट्ठी संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उनकी पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर इनपुट जुटाए जा रहे हैं।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चुनाव संपन्न होने तक यह अभियान थमेगा नहीं और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी रहेगी।

More From Author

200 करोड़ का जमीन घोटाला: रांची पुलिस का बड़ा एक्शन; मंत्रियों और पूर्व मुख्य सचिव के करीबी 3 रसूखदार गिरफ्तार

Recent News