जमशेदपुर: श्रावण मास के शुभारंभ के अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में विधायक सरयू राय ने प्रदेश, जमशेदपुर शहर और समस्त प्राणी मात्र के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
वैदिक विधि से संपन्न हुआ रुद्राभिषेक
रुद्राभिषेक का अनुष्ठान विद्वान आचार्य पंडित विनोद पांडेय के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में रंगा रहा और श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।
श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद
धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक में भाग लिया।श्रावण मास के पहले दिन आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
