एमबीए गोलगप्पावाला संचालक की शिकायत पर कोर्ट में सुनवाई, सूदखोरी और प्रताड़ना मामले में आगे बढ़ी कार्रवाई

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा निवासी एवं एम.बी.ए. गोलगप्पावाला के संचालक बजरंग प्रसाद द्वारा दायर सूदखोरी, मारपीट, धमकी और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े शिकायतवाद में न्यायालय ने महत्वपूर्ण आदेश दिया है। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।

शिकायत में लगाए गए हैं कई गंभीर आरोप

बजरंग प्रसाद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कथित रूप से मनीष सिंह से ₹1.70 लाख उधार लिए थे। आरोप है कि इस राशि पर 10 प्रतिशत मासिक ब्याज तय किया गया और सुरक्षा के नाम पर उनसे दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी लिए गए।शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने मूल राशि से अधिक, करीब ₹2 लाख नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से चुका दिए हैं, जिसके साक्ष्य भी उनके पास उपलब्ध हैं। इसके बावजूद उनसे अतिरिक्त रकम की मांग की जाती रही।

थाने में दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराने का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि 11 फरवरी 2026 को उन्हें सोनारी थाना बुलाकर दबाव बनाया गया और एक सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसमें चार माह के भीतर ₹2 लाख लौटाने की बात लिखवाई गई।बजरंग प्रसाद ने आरोप लगाया है कि शांति समिति के सदस्य मनीष सिंह, जयप्रकाश ठाकुर, बिष्टुपुर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी बलराम साहू, सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे तथा पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार ने उनके साथ मारपीट, धमकी और मानसिक प्रताड़ना की।

वरीय पुलिस अधीक्षक से मांगी गई रिपोर्ट, आरोपियों को नोटिस

इन आरोपों को लेकर दायर शिकायतवाद पर सुनवाई करते हुए माननीय न्यायालय ने जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। साथ ही मामले में नामजद सभी आरोपियों के विरुद्ध नोटिस जारी किया गया है।अब न्यायालय में अगली सुनवाई के दौरान पुलिस की रिपोर्ट और संबंधित पक्षों का जवाब आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

More From Author

बिष्टुपुर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में विधायक सरयू राय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया रुद्राभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

बर्मामाइंस में नवनिर्मित साईं मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, गुरु पूर्णिमा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Recent News