जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मोबाइल चोरी और छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन, छिनतई किए गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए हैं।इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।


एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई एसआईटी
एसएसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एमजीएम अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मोबाइल चोरी और छिनतई की घटनाओं की सूचना मिल रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक एसआईटी का गठन किया गया।एसआईटी ने घटनाओं की जांच शुरू की और इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने की बात कबूल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान एमजीएम थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल चोरी और छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपियों में तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई,सनी कालिंदी उर्फ नंदू,लक्ष्मण बागती,आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगन उर्फ बच्चा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से आकाश दत्ता, सावन देवगन और सनी कालिंदी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तुषार कालिंदी की निशानदेही पर 33 मोबाइल बरामद
पुलिस ने तुषार कालिंदी की निशानदेही पर बागुनहातु स्थित उसके घर से 33 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।इसके अलावा छिनतई किए गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक चोरी की स्कूटी और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और जेवरात के संबंध में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अन्य किन इलाकों में घटनाओं को अंजाम दिया है।
