सरायकेला में नए एसपी मनोज स्वर्गियारी का सख्त संदेश, अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी ने पदभार ग्रहण करते ही अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को उन्होंने आदित्यपुर थाना पहुंचकर चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की समीक्षा की और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।

गश्ती, एंटी ड्रग अभियान और लंबित मामलों पर फोकस

बैठक के दौरान एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त बढ़ाने, पुराने अपराधियों की धरपकड़, एंटी ड्रग अभियान को तेज करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।

प्रशासनिक फेरबदल के बाद मिली नई जिम्मेदारी

गौरतलब है कि चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया एसपी नियुक्त किया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त तेवर दिखाए हैं।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

कानून-व्यवस्था के विरोध में 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद, भाजपा निकालेगी आज मशाल जुलूस

धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन, दागी अपराधियों की परेड कर कानून का दिखाया डर