बुंडू अस्पताल के शौचालय के कमोड में मिला नवजात का शव, जन्म के बाद फेंके जाने की आशंका

Views: 0

बुंडू। राजधानी रांची के बुंडू स्थित पुराने अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के शौचालय में एक नवजात शिशु का शव कमोड के अंदर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि प्रसव के बाद नवजात को शौचालय के कमोड में डाल दिया गया और संबंधित व्यक्ति मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम अस्पताल पहुंचे एक मरीज ने शौचालय से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की। जब अस्पताल कर्मियों ने शौचालय जाकर जांच की तो कमोड के अंदर नवजात का शव देखकर सभी हैरान रह गए। इसके बाद तत्काल चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन को इसकी सूचना दी गई।

तीन दिन पुराना बताया जा रहा नवजात का शव

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार महतो ने बताया कि नवजात पूरी तरह विकसित था। प्रारंभिक जांच में शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किसी महिला ने प्रसव के बाद नवजात को कमोड में डाल दिया और वहां से चली गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉ. मनोज कुमार महतो ने तत्काल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार और बुंडू पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नवजात की पहचान और घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

नवजात की मौत के कारणों का जांच के बाद होगा खुलासा

अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे अस्पताल के शौचालय तक कौन लेकर पहुंचा, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

More From Author

जमशेदपुर: चक्रवात अकवान और भारी बारिश की चेतावनी, 20 नवंबर को पांचवीं तक के स्कूलों में पढ़ाई स्थगित