सरायकेला: भूषण बाड़ा प्रकरण पर विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी बोले- जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा

Views: 1

सरायकेला। सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े प्रकरण और पत्रकार के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कानून और संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करती है। मामले की जांच चल रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। दोषी चाहे कोई भी हो, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

निष्पक्ष जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

गुरुवार को सरायकेला सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक कोंगाड़ी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन जरूरी है। संबंधित प्रकरण अब सार्वजनिक हो चुका है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।पत्रकार के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा, “जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”भूषण बाड़ा से जुड़े मामले पर उन्होंने दोहराया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। यदि जांच में किसी की दोषपूर्ण भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

जिला कांग्रेस की बैठक में एसआईआर और 26 नवंबर के कार्यक्रम पर चर्चा

इससे पहले सरायकेला सर्किट हाउस में विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वोट चोरी के आरोपों, एसआईआर और आगामी 26 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा हुई।इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

भाजपा और आरएसएस पर लगाया नफरत की राजनीति का आरोप

मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक कोंगाड़ी ने भाजपा और आरएसएस पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया। सोनिया गांधी की किताब को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में जीवन से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख किया है, लेकिन भाजपा और आरएसएस को इससे परेशानी हो रही है।

जनता के मुद्दों पर राजनीति करती है कांग्रेस: कोंगाड़ी

कांग्रेस संगठन की मजबूती को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों के लिए राजनीति करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस देश और राज्य में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।

More From Author

जमशेदपुर: गुरु नानक प्रकाश पर्व: नगर कीर्तन मार्ग की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई शुक्रवार से, जुस्को ने दिया आश्वासन

सरायकेला भाजपा ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के संयोजकों की घोषणा की, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर