एनआईटी जमशेदपुर का बीटेक छात्र आसंगी चेक डैम में डूबा, कैंपस में भड़का छात्रों का गुस्सा

आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने एनआईटी जमशेदपुर परिसर को झकझोर कर रख दिया। मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष के छात्र मीर हसन अपने दोस्तों के साथ चेक डैम घूमने और नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीर हसन अपने दोस्तों के साथ चेक डैम में नहा रहे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक छात्र पानी में लापता हो चुके थे।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। छात्र की तलाश के लिए खोज अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और राहत एवं खोज अभियान लगातार जारी है।

एनआईटी छात्रों का फूटा गुस्सा

हादसे की खबर मिलते ही एनआईटी परिसर में छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होकर जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।छात्रों का आरोप है कि आसंगी चेक डैम जैसे संवेदनशील स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और निगरानी के अभाव के कारण यह हादसा हुआ।

छात्रों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं छात्र के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।चेक डैम जैसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।

तलाश अभियान जारी

फिलहाल जिला प्रशासन, पुलिस और राहत दल की प्राथमिकता छात्र की तलाश है। पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, एनआईटी परिसर में छात्र लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

More From Author

‘वीणा रानी पवन स्मृति सम्मान समारोह’ में साहित्य, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम, विभूतियों का हुआ सम्मान

जमशेदपुर के बर्मामाइंस में युवक को मारी गई गोली, गंभीर हालत में टीएमएच में भर्ती