गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर जिला बार एसोसिएशन ने लगाया छबील, बांटा शर्बत और चना प्रसाद

जमशेदपुर। सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव की 401वीं शहादत को समर्पित जिला बार एसोसिएशन द्वारा व्यवहार न्यायालय परिसर में छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आम राहगीरों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आगंतुकों के बीच ठंडे शर्बत एवं चना प्रसाद का वितरण किया गया।

न्यायिक पदाधिकारियों ने ग्रहण किया प्रसाद

कार्यक्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित न्यायालय के अन्य न्यायिक पदाधिकारी भी शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण कर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन के दौरान सेवा भावना और मानवता का संदेश दिया गया।

समस्त जीवों के कल्याण के लिए की गई अरदास

छबील सेवा प्रारंभ होने से पूर्व बाबा जी द्वारा समस्त मानवता और जीव-जंतुओं के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए विशेष अरदास की गई। उपस्थित लोगों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से अरदास में भाग लिया।

गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को किया याद

वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी ने सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। इतिहास के अनुसार मुगल बादशाह जहांगीर के आदेश पर लाहौर में उन्हें अमानवीय यातनाएं दी गईं। तपते तवे पर बैठाया गया और अनेक प्रकार की प्रताड़नाएं दी गईं, लेकिन उन्होंने अपने सिद्धांतों और धर्म से समझौता नहीं किया तथा अंततः शहादत को स्वीकार किया।

सेवा और बलिदान का संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, सेवा, सहिष्णुता और मानव कल्याण का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को मानवता, भाईचारे और सेवा की प्रेरणा देते हैं।

More From Author

कविता लेखन कार्यशाला से निखर रही छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा, नेचर संस्था का विशेष आयोजन

बोड़ाम के चामेडीह गांव में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 50 बोतल बीयर जब्त, एक गिरफ्तार