जमशेदपुर: शहर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ का है, जहां मंगलवार शाम सरेआम चापड़ से हमला कर दो नाबालिगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
बाइक सवार किशोरों के बीच हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना उस समय हुई जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
भागते किशोरों का किया पीछा
जान बचाने के लिए भाग रहे किशोरों का हमलावरों ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ वार किए।हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे किशोर के कान के पास गहरी चोट लगी है।
सड़क पर मची अफरा-तफरी
बीच सड़क पर हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाजार में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी विवाद को घटना की वजह मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
शहर में बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाएं
गौरतलब है कि जमशेदपुर में हाल के दिनों में चापड़ से हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अपराधियों के बीच चापड़ नया हथियार बनता जा रहा है। पुलिस द्वारा लगातार बरामदगी के बावजूद ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
