जमशेदपुर में पर्स स्नैचिंग मामले का खुलासा, सोनारी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई और स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोनारी पुलिस ने महिला से पर्स छीनने की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आरजू (कदमा निवासी) और मो. वसीम (बिष्टुपुर निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और छिनतई का सामान भी बरामद किया है।

टीचर ट्रेनिंग से लौट रही महिला बनी थी शिकार

जानकारी के अनुसार, 23 जून को टेल्को निवासी रोसलिन राज टीचर ट्रेनिंग पूरी कर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड में स्कूटी सवार दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने सोनारी थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपियों की पहचान

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और छापेमारी अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मो. आरजू का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मो. आरजू का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अन्य मामलों में भी जांच कर रही है पुलिस

सोनारी पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों की संलिप्तता शहर के अन्य स्नैचिंग मामलों में तो नहीं रही है।

More From Author

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुधीर महतो की 70वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा, निर्मल महतो स्टेडियम में जुटे झामुमो नेता

एमजीएम अस्पताल में बढ़ी अव्यवस्था, 13 में से सिर्फ 2 लिफ्ट चालू, मरीज और परिजन परेशान