रांची : राजधानी के पॉश इलाके लालपुर स्थित गोकुल वाटिका अपार्टमेंट में एक छात्रा के साथ हैवानियत की घटना घटी है। बरियातू स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहकर मास्टर इन डेंटल सर्जरी की पढ़ाई कर रही छात्रा को धोखे से बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्टी के नाम पर फ्लैट में बिछाया गया जाल
लालपुर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, छात्रा अपने मित्र ओली के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गोकुल वाटिका के पांचवें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में गई थी। छात्रा को बताया गया था कि पार्टी में अन्य लड़कियां भी होंगी, लेकिन वहां पहुंचने पर सिर्फ ओली के चार पुरुष दोस्त ही मौजूद थे। रात करीब 8:00 बजे केक काटने के बाद छात्रा को सुस्ती महसूस हुई। इसके बाद उसे पिज्जा खिलाया गया, जिसे खाते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई।
कमरे में बंधक बनाकर वारदात
नशे की हालत में छात्रा जब आराम करने कमरे में गई, तभी आरोपी दानिश वहां पहुँचा और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। छात्रा ने बताया कि नशे में होने के कारण वह विरोध करने की स्थिति में नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती और पुलिस की कार्रवाई
अगली सुबह होश आने पर छात्रा ने खुद को घायल अवस्था में पाया और अपनी सहेली को इसकी जानकारी दी।सहेली ने तुरंत छात्रा को लालपुर स्थित आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया।पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की और मुख्य आरोपी दानिश को धर दबोचा।लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है।
वैज्ञानिक साक्ष्यों पर टिकी जांच
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि खाने में किस तरह का नशीला पदार्थ मिलाया गया था।घटना के समय फ्लैट में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच हो रही है।मामले में फॉरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट को मुख्य साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।
