जमशेदपुर: कदमा स्थित रंकनी मंदिर में बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आयोजित निशुल्क कांवर यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीयन विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और सामूहिक पूजा कर यात्रा की सफलता एवं मंगलकामना की।इस दौरान कदमा क्षेत्र में पंजीयन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संघ के कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबरों वाले सूचना पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
9 अगस्त को सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे 1000 शिवभक्त
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि आगामी 9 अगस्त को लगभग 1000 शिवभक्त जमशेदपुर से सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे। वहां से गंगाजल लेकर सभी श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे।उन्होंने कहा कि यात्रा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पंजीयन का कार्य लगातार जारी है।
आर्थिक और सामाजिक कारणों से वंचित श्रद्धालुओं को मिलता है अवसर
विकास सिंह ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को निशुल्क कांवर यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक, पारिवारिक, अकेलेपन या अनुभव की कमी के कारण देवघर नहीं जा पाते।उन्होंने कहा कि संघ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, ठहरने सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराता है, ताकि सभी शिवभक्त सुरक्षित और सुगमता से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सकें।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर हो रहा पंजीयन
संघ की ओर से बताया गया कि सीमित सीटों के कारण पंजीयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है। इच्छुक श्रद्धालुओं से जल्द पंजीयन कराने की अपील की गई है।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
पंजीयन शुभारंभ कार्यक्रम में विकास सिंह, किशोर बर्मन, विक्रम यादव, छोटेलाल सिंह, भावेश कुमार, पिंकी पाल, समीर सुमन, सुरेश प्रसाद, कमलेश सिंह, राहुल गुप्ता, देवी बारिक, कोमल मिश्रा, सुनीता भुईया, फुलमती देवी, एस. भूमिका, नीलम कुमारी, पूनम वर्मा, गीता देवी, भारती गोप, राजू केशरी, प्रतिमा केशरी, यमुना सिंह, लक्खी देवी, बसंती पाल, कृष्णा प्रसाद, रीना देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
