बागबेड़ा प्राथमिक विद्यालय में झरना मिश्रा ने निजी खर्च से लगवाई एलईडी और हैलोजन लाइट, छात्रों को मिली राहत

जमशेदपुर। बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में लंबे समय से बनी हुई प्रकाश व्यवस्था की समस्या का समाधान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से कराया। उन्होंने विद्यालय के दोनों कमरों में चार एलईडी ट्यूब लाइट तथा परिसर के बाहर एक हैलोजन लाइट लगवाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को राहत दिलाई।

बैठक में उठी थी समस्या, तुरंत किया समाधान का वादा

कुछ दिन पहले विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में स्कूल में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। समस्या सुनने के बाद झरना मिश्रा ने अपने निजी खर्च से लाइट लगाने की घोषणा की थी। शुक्रवार को उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए विद्यालय में चार एलईडी ट्यूब लाइट और एक हैलोजन लाइट लगवा दी।

विद्यार्थियों को बेहतर माहौल, सुरक्षा भी होगी मजबूत

नई लाइटें लगने से अब विद्यार्थियों को बेहतर रोशनी में पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी। वहीं शिक्षकों को भी पठन-पाठन कार्य में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। विद्यालय परिसर के बाहर हैलोजन लाइट लगने से शाम के समय अंधेरे की समस्या दूर होगी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।

अन्य समस्याओं के समाधान का भी दिया भरोसा

इस अवसर पर झरना मिश्रा ने कहा कि विद्यालय की अन्य आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए भी वे लगातार प्रयास करती रहेंगी, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

प्रधानाध्यापिका और शिक्षकों ने जताया आभार

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी और शिक्षिका सरिता कुमारी ने झरना मिश्रा के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, सीमा पांडे, प्रधानाध्यापिका उषा कुमारी, शिक्षिका सरिता कुमारी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

More From Author

कदमा के रंकनी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ निशुल्क कांवर यात्रा का पंजीयन शुरू, 9 अगस्त को सुल्तानगंज रवाना होंगे 1000 शिवभक्त

जमशेदपुर में 26 जुलाई को खुलेगा डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर, मरीजों को मिलेगी आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी सुविधा