Views: 6
जमशेदपुर: दीपावली और छठ पर्व से पहले मानगो क्षेत्र में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। पार्षद एकता मंच के सदस्यों ने वार्ड नंबर 32 का निरीक्षण कर क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर बहता गंदा पानी, जगह-जगह फैली गंदगी और सड़क किनारे पड़े मृत जानवर नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोलते नजर आए।मानगो नगर निगम की व्यवस्था से नाराज पार्षदों ने क्षेत्र की जमीनी स्थिति देखने के बाद नगर आयुक्त और मेयर से दीपावली तथा छठ पर्व से पहले पूरे वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की।
वार्ड 32 की बदहाल स्थिति देख नाराज हुए जनप्रतिनिधि
निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने पाया कि वार्ड की कई सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। जगह-जगह कचरा जमा है और सड़क किनारे मृत जानवर पड़े हुए हैं। गंदगी और जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।पार्षद एकता मंच के अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि छठ पर्व के दौरान इस क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट जाते हैं। ऐसे में क्षेत्र की बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी होती है और जनप्रतिनिधियों को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ता है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई: राजेश सिंह
राजेश सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि जब भी पार्षद क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते हैं, तो उसे राजनीतिक रंग देकर दबाने का प्रयास किया जाता है।उन्होंने नगर आयुक्त और मेयर से मांग की कि दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए वार्ड नंबर 32 समेत पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। सड़कों पर बह रहे गंदे पानी की निकासी, कचरे का उठाव और मृत जानवरों को हटाने के लिए तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।पार्षद एकता मंच ने स्पष्ट किया कि त्योहारों से पहले सफाई व्यवस्था में सुधार जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
