सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस और आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला शव
पुलिस के अनुसार, युवक का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पुराना आपराधिक इतिहास होने की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसे अपराधी सागर लोहार का करीबी बताया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि अमित सरदार करीब एक माह पूर्व हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
यूडी केस दर्ज, हर पहलू से जांच
आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस ने यूडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला रेल हादसे का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तफ्तीश जारी है।
