जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और यंग इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष जॉब फेयर का आयोजन किया गया। चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को ‘प्रोजेक्ट स्माइल’ नाम दिया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन में खुशियां लाना है।
30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने लिया हिस्सा
इस विशेष जॉब फेयर में शहर की करीब 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इसमें टाटा ग्रुप और टाटा मोटर्स जैसी बड़ी कंपनियां भी शामिल रहीं।कंपनियों के प्रतिनिधियों ने दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता एवं क्षमता के आधार पर रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू की।
200 दिव्यांग बच्चों को रोजगार देने का लक्ष्य
आयोजकों ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट स्माइल’ का मुख्य उद्देश्य हर चेहरे पर मुस्कान लाना है। इसी सोच के तहत लगभग 200 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
अभ्यर्थियों और परिजनों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई अभ्यर्थियों ने इसे अपने जीवन का बड़ा अवसर बताया।आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्हें रोजगार और आत्मविश्वास देकर बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
