टाटा कंपनी संवाद कार्यक्रम तत्काल बंद करे : रतन तिर्की

Views: 5

जमशेदपुर।टाटा कंपनी की ओर से जमशेदपुर में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर झारखंड आंदोलनकारी रतन तिर्की ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना को शर्मनाक और चिंताजनक बताते हुए टाटा कंपनी से संवाद कार्यक्रम तत्काल बंद करने की मांग की है।रतन तिर्की ने कहा कि जिस कार्यक्रम में देशभर के आदिवासियों को आमंत्रित किया जाता है, उसी आयोजन में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ इस तरह की घटना होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। टाटा कंपनी को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर इस संवाद कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य क्या है। केवल सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजन के आयोजन से आदिवासी समाज का विकास नहीं हो सकता।

आदिवासियों के मूलभूत मुद्दों पर हो सार्थक संवाद

तिर्की ने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। कंपनी को यह भी बताना चाहिए कि पिछले कई वर्षों से आयोजित हो रहे संवाद कार्यक्रम से आदिवासी समाज को अब तक क्या ठोस उपलब्धियां हासिल हुई हैं।उन्होंने कहा कि केवल नाच-गाने और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम पर आदिवासियों को एकत्रित करने का कोई औचित्य नहीं है। यदि इन आयोजनों से आदिवासी समाज को वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है, तो कंपनी को ऐसे कार्यक्रमों पर पुनर्विचार कर इन्हें बंद कर देना चाहिए।

सूर्य सिंह बेसरा के साथ घटना पर प्रबंधन की जवाबदेही तय हो

रतन तिर्की ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके साथ इस तरह का व्यवहार पूरे झारखंडी समाज और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा गंभीर विषय है।उन्होंने सवाल किया कि टाटा कंपनी के अपने आयोजन में जब एक वरिष्ठ आंदोलनकारी के साथ मारपीट की घटना होती है, तो आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी और प्रबंधन इस मामले में चुप क्यों है?

निष्पक्ष जांच और सार्वजनिक माफी की मांग

तिर्की ने टाटा कंपनी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और आदिवासी समाज के साथ झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।उन्होंने कहा कि आदिवासियों को मंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए आमंत्रित करने से पहले उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान का सम्मान करना सीखना होगा।

More From Author

आदित्यपुर: ओमनी ऑटो लिमिटेड में मजदूरों का हंगामा, नौ सूत्री मांगों को लेकर मुख्य गेट जाम

20 नवंबर से शुरू होगा 40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला, 29 नवंबर तक चलेगा साहित्य और पुस्तकों का महाकुंभ