चाय बेचने वाले की बेटी बनी जमशेदपुर सिटी सेकंड टॉपर; 95.20% अंक ला रचा इतिहास, अब बनना चाहती है प्रोफेसर

जमशेदपुर : बिरसानगर के मोहरदा बस्ती की रहने वाली प्राची गोड़ ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में 95.20 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। केरल पब्लिक स्कूल की छात्रा प्राची ने अपनी इस सफलता से यह संदेश दिया है कि यदि हौसले बुलंद हों, तो तंगहाली भी रास्ता नहीं रोक सकती।

पिता चलाते हैं चाय-नाश्ते का होटल

प्राची के पिता अंतर्यामी गोड़ एक छोटा सा होटल चलाते हैं, जहाँ वे चाय, नाश्ता और खाना बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। प्राची बताती हैं कि उनके पिता ने बेहद अभावों के बीच उन्हें पढ़ाया है। पिता खुद प्रतिदिन उन्हें स्कूल छोड़ने और लाने जाते थे ताकि उनकी पढ़ाई में कोई बाधा न आए। अंतर्यामी गोड़ ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मुझे अपनी बेटियों पर नाज है। आज लोग मुझे मेरी बेटी के नाम से पहचानने लगे हैं, एक पिता के लिए इससे बड़ी उपलब्धि और क्या हो सकती है।”

सफलता का मंत्र: शिक्षकों का मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत

प्राची अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ स्कूल के शिक्षकों और प्रिंसिपल को देती हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों द्वारा ली गई एक्स्ट्रा क्लासेस और एग्जाम पेपर की निरंतर प्रैक्टिस ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाने में बड़ी भूमिका निभाई।बचपन से ही विज्ञान विषय में रुचि रखने वाली प्राची ने अपनी लगन से कठिन विषयों में भी बेहतरीन अंक प्राप्त किए हैं।

भविष्य का लक्ष्य: बायो प्रोफेसर बनने का सपना

प्राची की उड़ान यहीं रुकने वाली नहीं है। उन्होंने अपने भविष्य की योजनाएं साझा करते हुए बताया वे आगे की पढ़ाई के लिए ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगी।उनका सपना एक बेहतरीन बायो प्रोफेसर बनने का है। वे देश स्तर पर टॉपर बनने का लक्ष्य लेकर कड़ी मेहनत करना चाहती हैं।

गोड़ समाज और शहर में खुशी की लहर

प्राची की इस उपलब्धि से न केवल जमशेदपुर गौरवान्वित है, बल्कि गोड़ समाज में भी भारी उत्साह है। समाज के लोगों का कहना है कि प्राची अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद मिली यह सफलता समाज के लिए एक मील का पत्थर है।

More From Author

कपाली: डोबो ईंट भट्ठा के पास सड़क किनारे युवक का शव बरामद,धारदार हथियार से हत्या की आशंका

बारीडीह हाई स्कूल में ‘समर स्किल कैंप’ का सफल समापन; कक्षा 6 से 8 के बच्चों ने सीखी रोबोटिक्स, एआई और बेकिंग की बारीकियां