Views: 3
जमशेदपुर: जमशेदपुर चेस अकादमी (जेसीए) की ओर से 7वीं जेसीए झारखंड ओपन शतरंज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता टाटा चेस सेंटर, जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित होगी। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 200 युवा शतरंज खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।
विजेताओं को मिलेंगे ₹50 हजार और 51 ट्रॉफियां
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कुल 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्गों में कुल 51 ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। छह वर्ष से कम आयु के सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न दिया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
अनुभवी निर्णायक संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए निर्णायकों की टीम बनाई गई है। जयंत कुमार भुइयां मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। वहीं, चंदन कुमार प्रसाद और विशाल मिंज उप-मुख्य निर्णायक के रूप में प्रतियोगिता का संचालन करेंगे।आयोजन को लेकर ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष ऋचा संचिता और सचिव मनीष कुमार ने शुभकामनाएं दी हैं।
बच्चों और युवाओं में शतरंज को बढ़ावा देना उद्देश्य
जेसीए झारखंड ओपन शतरंज प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं के बीच शतरंज को लोकप्रिय बनाना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों में तार्किक चिंतन, एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों की भागीदारी होगी और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
