जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा स्थित अंबेडकर नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर घर से करीब 65 हजार रुपये नकद और 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।


तीन घंटे में चोरों ने खंगाल दिया पूरा घर
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य करीब तीन घंटे के लिए बाजार गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। परिवार जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।घर की जांच करने पर करीब 65 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले। इसके बाद परिवार ने तत्काल घटना की सूचना परसुडीह पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।फिलहाल चोरी की घटना में शामिल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
इलाके में लगातार चोरी से लोगों में बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परसुडीह क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इलाके में 20 से 30 लाख रुपये की बड़ी चोरी की घटना सामने आ चुकी है।ताजा वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
