जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक डिवाइडर से टकराई, 26 वर्षीय युवती की मौत; युवक गंभीर

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान एंजेल गुड़िया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और जमशेदपुर में रहकर मानगो स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।

तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे एंजेल गुड़िया और बिरसानगर निवासी केल्विन लकड़ा बाइक से घूमने निकले थे। दोनों सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जोरदार टक्कर हो गई।हादसे में बाइक सवार दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया टीएमएच

इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम की नजर सड़क पर घायल पड़े दोनों लोगों पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल दोनों को उठाया और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया।अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने एंजेल गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, केल्विन लकड़ा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका टीएमएच में इलाज चल रहा है।

बाइक जब्त, हादसे की जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। मृतका के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

More From Author

जमशेदपुर में निषेधाज्ञा लागू, 5 या अधिक लोगों के जुटने पर रोक; छात्र आंदोलन को लेकर प्रशासन अलर्ट

जमशेदपुर के पूर्व एसपी डॉ. अजय कुमार का बिरसानगर में मनाया गया जन्मदिन, फैंस क्लब ने काटा केक