सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े बांस लदे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के पास बांस उतारने का काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
होंडा शोरूम के पास हुआ हादसा
घटना राजनगर थाना से करीब 500 मीटर दूर होंडा शोरूम के समीप रात करीब एक बजे हुई। बताया गया कि सड़क किनारे बांस लदा ट्रक खड़ा था और मजदूर ट्रक से बांस उतारने के लिए रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या JH10DJ 4827 ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के पास मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव के साथ दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
रविवार सुबह करीब नौ बजे मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। हादसे की खबर के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने मुआवजे की मांग की
मृतक के परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है। साथ ही प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है।
