जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान अवैध वसूली के आरोप में दो एएसआई निलंबित

जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान कथित अवैध वसूली के दो मामलों में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों की जांच ट्रैफिक डीएसपी स्तर पर कराई गई थी, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

साकची में चालक से ऑनलाइन वसूली का आरोप

पहला मामला साकची थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार थाना गेट के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक चालक से कथित तौर पर अवैध वसूली की गई।आरोप है कि प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने का हवाला देकर चालक से रुपये मांगे गए। नकद राशि नहीं होने पर साकची ट्रैफिक थाना में पदस्थ एएसआई शिवशंकर पासवान ने चालक से एक दुकानदार के खाते में ऑनलाइन भुगतान करवाया। घटना 8 मई की बताई जा रही है।शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एएसआई शिवशंकर पासवान को निलंबित कर दिया गया।

टाटानगर स्टेशन के पास शिक्षक से मांगे गए 10 हजार रुपये

दूसरा मामला टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन के समीप का है। यहां जुगसलाई ट्रैफिक थाना के एएसआई जय कुमार दास पर एक बाइक चालक से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा।शिकायतकर्ता जनगणना कार्य से जुड़े एक शिक्षक बताए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि सभी वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद उन्हें काफी देर तक रोका गया और बाद में जुर्माने के नाम पर बड़ी रकम की मांग की गई।

विधायक से फोन पर बात कराने से किया इनकार

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एएसआई ने विधायक संजीव सरदार से फोन पर बात कराने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे थे।जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एएसआई जय कुमार दास को भी निलंबित कर दिया गया।

पुलिस विभाग ने दी सख्त चेतावनी

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के साथ किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, दुर्व्यवहार या भ्रष्ट आचरण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने कहा कि दोषी कर्मियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

More From Author

आदित्यपुर में बिना सूचना बुलडोजर कार्रवाई से हड़कंप, एस टाईप चौक की फुटपाथी दुकानें ढहाई गईं

घाटशिला में महिला से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, पंचायत में मामले को दबाने की कोशिश के बाद आरोपी गिरफ्तार