जमशेदपुर में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रीको रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर L5/13 में एक ही परिवार के तीन सदस्यों का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने अपनी पत्नी, गर्भवती बेटी और बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
सुबह 6 बजे वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह ने सोमवार सुबह करीब 6 बजे सबसे पहले अपनी 55 वर्षीय पत्नी सरिता देवी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपनी 31 वर्षीय बेटी सुप्रिया कुमारी और 30 वर्षीय बेटे रविषेक की भी निर्मम हत्या कर दी।बताया जा रहा है कि सुप्रिया कुमारी की शादी एक वर्ष पहले हुई थी और वह गर्भवती थी। वह इन दिनों मायके आई हुई थी।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस और एएसपी ऋषभ त्रिवेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को घर से ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
शुरुआती पूछताछ में आरोपी रविंद्र सिंह ने अपनी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। हालांकि पुलिस की कड़ाई के बाद उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली, लेकिन हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली और बारिडीह में रहते हैं
जानकारी के मुताबिक रविंद्र प्रसाद सिंह के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा और एक बेटी दिल्ली में रहते हैं, जबकि छोटी बेटी बारिडीह बस्ती स्थित अपने ससुराल में रहती है। छोटा बेटा रविशेख अपने माता-पिता के साथ एग्रीको स्थित घर में ही रहता था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल की जांच में जुटी हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत और शोक का माहौल
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
