विक्रम शर्मा हत्याकांड: देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन, फरार 5 शूटरों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित

उत्तराखंड के देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार पांच शूटरों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और लगातार गिरफ्तारी से बचते रहे हैं। घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बावजूद उनके आत्मसमर्पण नहीं करने पर इनाम घोषित किया गया है।

जमशेदपुर और लोहरदगा के रहने वाले हैं आरोपी

देहरादून पुलिस द्वारा जिन पांच आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें शामिल हैं आकाश कुमार प्रसाद – बजरंग टेकरी, बागबेड़ा (जमशेदपुर),जितेंद्र कुमार साहू – टैंक रोड, उलीडीह (जमशेदपुर),आशुतोष कुमार सिंह – जुगसलाई (जमशेदपुर),विशाल सिंह – गाड़ाबासा, बागबेड़ा (जमशेदपुर) और अंकित कुमार वर्मा – टांगराटोली, लोहरदगा। पुलिस का कहना है कि पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

13 फरवरी को हुई थी विक्रम शर्मा की हत्या

जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकलते समय विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।जांच में सामने आया कि हमले को अंजाम देने में झारखंड के अपराधियों की भूमिका होने की आशंका है। विक्रम शर्मा को गैंगस्टर अखिलेश सिंह का करीबी और गुरु बताया जाता है।

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच कर रही डालनवाला थाना पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।इससे पहले देहरादून पुलिस ने जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह, उनके पुत्र यशराज सिंह सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

कुर्की के बाद भी नहीं किया सरेंडर

फरार आरोपियों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी। इसके बावजूद आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया।अब पुलिस को उम्मीद है कि इनाम घोषित होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी आएगी।

More From Author

चांडिल: सापड़ा नदी तट पर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू