अपहरण समझकर ग्रामीणों ने किया इनोवा का पीछा, जांच में निकली तेलंगाना नारकोटिक्स टीम की कार्रवाई

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक को सफेद इनोवा वाहन में बैठाकर ले जा रहे लोगों को ग्रामीणों ने अपहरणकर्ता समझ लिया। ग्रामीणों ने बाइक से वाहन का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी।सूचना के बाद पुलिस ने तोपचांची के पास फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया। हालांकि जांच के बाद पता चला कि युवक को तेलंगाना नारकोटिक्स विंग की टीम गांजा तस्करी के मामले में हिरासत में लेकर जा रही थी।

गांजा तस्करी के आरोप में युवक हिरासत में

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना नारकोटिक्स विंग ने 27 जून को डुमरी थाना क्षेत्र के बेरमो मोड़ से तांबागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार किया।जांच एजेंसी के मुताबिक, उस पर भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट के माध्यम से डुमरी और आसपास के इलाकों से तेलंगाना, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में गांजा की सप्लाई करने का आरोप है।

पहले गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि नारकोटिक्स विंग ने पहले इस गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसी की निशानदेही पर सत्यम मिश्रा तक पहुंचा गया और उसे हिरासत में लिया गया।

ग्रामीणों ने समझा अपहरण, पुलिस ने की घेराबंदी

नारकोटिक्स टीम युवक को इनोवा में बैठाकर निमियाघाट की ओर ले जा रही थी। इस दौरान स्थानीय लोगों को वाहन पर संदेह हुआ और उन्होंने इसे अपहरण की घटना समझ लिया।कुछ ग्रामीणों ने बाइक से वाहन का पीछा किया और डुमरी थाना पुलिस को सूचना दे दी। सूचना के आधार पर निमियाघाट पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन आगे बढ़ता रहा।इसके बाद तोपचांची के पास पुलिस ने घेराबंदी कर हथियारों के साथ वाहन को रुकवाया और जांच की। जांच में स्पष्ट हुआ कि वाहन में मौजूद लोग तेलंगाना नारकोटिक्स विंग के अधिकारी हैं।

एसडीपीओ ने की कार्रवाई की पुष्टि

डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि तेलंगाना नारकोटिक्स विंग की टीम ने सत्यम मिश्रा को गांजा तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित एजेंसी द्वारा की जा रही है।

More From Author

एड्स जागरूकता के लिए बोकारो में साइकिल मैराथन, 250 युवाओं ने लिया हिस्सा