आदित्यपुर स्टेशन बनेगा ‘सैटेलाइट जंक्शन’; डीआरएम तरुण हुरिया ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होंगी लंबी दूरी की ट्रेनें

आदित्यपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक तरुण कुमार हुरिया ने मंगलवार सुबह आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य केंद्र आदित्यपुर स्टेशन को एक ‘सैटेलाइट स्टेशन’ और भविष्य के एक ‘वृहद जंक्शन’ के रूप में विकसित करने की चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करना था।

जमशेदपुर का लोड कम करेगा आदित्यपुर सैटेलाइट स्टेशन

टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए रेलवे आदित्यपुर को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में तैयार कर रहा है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आगामी दिनों में यहाँ से शुरू होने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन और ठहराव के लिए बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने, आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की।

जंक्शन बनते ही मिलेंगी देशव्यापी ट्रेन सेवाएं

मीडिया से बातचीत करते हुए डीआरएम तरुण कुमार हुरिया ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर को केवल एक स्टॉपेज नहीं, बल्कि एक बड़े जंक्शन के रूप में विकसित करने का मास्टर प्लान तैयार है।जंक्शन का दर्जा मिलने के बाद यहाँ से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए सीधी ट्रेनें उपलब्ध होंगी।स्टेशन बिल्डिंग, वेटिंग हॉल और प्रवेश द्वारों को अत्याधुनिक बनाया जाएगा।

पानी की किल्लत अब हुई बीते दिनों की बात

यात्रियों की एक बड़ी समस्या का समाधान करते हुए डीआरएम ने जानकारी दी कि स्टेशन पर वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या अब दूर हो गई है। परिसर में दो डीप बोरिंग कराई गई हैं, जिससे यात्रियों और रेलवे कॉलोनी के लिए पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो गई है।

अधिकारियों को समय सीमा का निर्देश

डीआरएम ने मौके पर मौजूद इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रस्तावित ट्रेनों के परिचालन को देखते हुए सभी तकनीकी और सुरक्षा इंतजाम युद्ध स्तर पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

More From Author

किरीबुरू: बस और बाइक की भीषण भिड़ंत में युवक की मौके पर ही मौत; दो घायल राउरकेला रेफर, तीखे मोड़ पर हुआ हादसा

कैरव गांधी केस में एसएसपी का बड़ा खुलासा: बिहार-झारखंड बॉर्डर से रात 12:30 बजे हुए रिकवर; अपहरणकर्ता चिन्हित, छापेमारी जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *