Views: 0

जमशेदपुर। शुक्रवार को पूरे देश में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारत के लौह पुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और देश की एकता, अखंडता व समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत हुआ आयोजन
यह विशेष कार्यक्रम सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत संस्थान की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार (सीबीओ) और डॉ. जयेंद्र कुमार (एनएसएस समन्वयक) ने किया।कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया। इसके उपरांत, उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ (इंटीग्रिटी ओथ) ली, जिसके माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
एकता के प्रतीक के रूप में ‘रन फॉर यूनिटी’
शपथ ग्रहण के बाद, एकता के प्रतीक के रूप में “रन फॉर यूनिटी” (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।यह दौड़ सुबह 11:00 बजे लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ हुई।यह संस्थान के विभिन्न परिक्षेत्रों से गुजरते हुए प्रशासनिक भवन परिसर में संपन्न हुई, जो लगभग 12:00 बजे तक चली।
निदेशक समेत पूरा संस्थान हुआ शामिल
इस महत्वपूर्ण अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर. वी. शर्मा, कार्यवाहक रजिस्ट्रार प्रोफेसर सारोज कुमार सरंगी, डीन (शैक्षणिक) प्रोफेसर एम. के. सिन्हा, प्रोफेसर के. वी. यादव, प्रोफेसर आर. पी. सिंह, प्रोफेसर वीरेंद्र कुमार सहित अनेक संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन सरदार पटेल के उच्च आदर्शों को याद करते हुए और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ किया गया।
