जमशेदपुर :अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा में पिछले 7 वर्षों से चला आ रहा नेतृत्व का इंतजार रविवार को भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच समाप्त हुआ। समाज की आमसभा में हुए तीखे विवाद के बाद द्वारिका प्रसाद को सर्वसम्मति से महासभा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष राकेश साहू को पद छोड़ना पड़ा।
लेखा-जोखा मांगने पर भड़का विवाद
चुनाव से पूर्व समाज की आमसभा बुलाई गई थी, जिसमें विगत 7 वर्षों का हिसाब-किताब मांगा गया। आरोप है कि निवर्तमान अध्यक्ष राकेश साहू ने लेखा-जोखा देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद माहौल गरमा गया।दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई और देखते ही देखते सभा स्थल नारेबाजी से गूंज उठा। दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर वित्तीय अनियमितता और समाज को गुमराह करने के कई गंभीर आरोप लगाए।
पर्यवेक्षक की मौजूदगी में मनोनयन
स्थिति बिगड़ती देख चुनाव पर्यवेक्षक की मौजूदगी में समाज के प्रबुद्ध लोगों ने हस्तक्षेप किया। भारी शोर-शराबे के बीच द्वारिका प्रसाद के नाम पर सर्वसम्मति बनी और उन्हें अध्यक्ष पद के लिए मनोनीत किया गया। हालांकि, इस घोषणा के बाद भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर दिखे, जिसे चुनाव समिति के सदस्यों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
“समाज को शिक्षित करना पहली प्राथमिकता” — द्वारिका प्रसाद
नवनियुक्त अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा “समाज ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूँगा। मेरी पहली प्राथमिकता समाज के हर तबके को शिक्षित करना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। हम समाज को एक सही दिशा में ले जाने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।”आमसभा में हंगामे की गंभीरता को देखते हुए माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने अपील की है कि निजी मतभेदों को भुलाकर अब नए नेतृत्व के साथ समाज के उत्थान के लिए कार्य किया जाए।
