जमशेदपुर:लौहनगरी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमपी स्कूल रोड पर स्थित ‘इम्तियाज जनरल स्टोर’ में रविवार को एक बदमाश ने जमकर तांडव मचाया। सामान खरीदने के बहाने आए अपराधी ने दुकान संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करने के बाद दो राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में संचालक इम्तियाज बाल-बाल बच गए।
मारपीट के बाद चलाई गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बदमाश ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसका संचालक इम्तियाज से विवाद हो गया। देखते ही देखते बदमाश ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधी ने पिस्टल निकालकर दो गोलियां दाग दीं। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बरामद किए दो खोखे
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जमीन पर पड़े दो खोखे बरामद किए हैं। गनीमत रही कि गोली संचालक को नहीं लगी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अपराधियों की शिनाख्त के लिए दुकान और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
इलाके में तनाव का माहौल
व्यस्ततम एमपी स्कूल रोड पर सरेआम हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष और डर देखा जा रहा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।
